कबड्डी-वॉलीबाल प्रतियोगिताएं शुरू, रस्साकशी और मटका फोड़ में प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम
कार्यालय संवाददाता-नाहन
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में सिरमौर जिला में आयोजनों का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को ददाहू विकास खंड के बेचड़ का बाग में तीन दिवसीय जन्माष्टमी मेले का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में पंचायत समिति अध्यक्ष क्षमानंद शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मेला कमेटी पदाधिकारी सतपाल मान ने बताया कि मेले का विधिवत शुभारंभ मंदिर परिसर से हुआ। इस दौरान कबड्डी और वॉलीबाल प्रतियोगिताएं भी शुरू की गईं। रस्साकशी में धौण-क्यारगा ने प्रथम और पराड़ा ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
मटका फोड़ प्रतियोगिता में टीना अत्री विजेता और अनुबाला उपविजेता रहीं। म्यूजिकल चेयर में किरण शर्मा ने पहला तथा कला ठाकुर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। चार सितंबर को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण के साथ मेले का समापन होगा। समापन समारोह में श्रीरेणुकाजी के विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार मुख्यातिथि होंगे। उधर, रियासतकालीन नाहन शहर में 400 वर्ष पुराना छडय़िों का मेला पांच सितंबर को गूग्गा नवमी के अवसर पर आयोजित होगा। छड़ी भगत भावन शर्मा ने बताया कि दोपहर एक बजे गोगा जी की मुख्य छड़ी छोटा चौक से यात्रा के रूप में रवाना होगी।