नूरपुर में सजा कान्हा का दरबार, जन्माष्टमी महोत्सव के लिए शहर तैयार

,भायात्रा और दही हांडी रहेगा खास आकर्षण

महोत्सव का विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया करेंगे शुभारंभ
हिमाचली-बालीवुड सितारे लगाएंगे सुरों का तडक़ा

कार्यालय संवाददाता-नूरपुर
राज्यस्तरीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के भव्य आयोजन के लिए नूरपुर पूरी तरह सजकर तैयार है। चार और पांच सितंबर को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव को लेकर प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ भव्य शोभायात्रा और दही हांडी कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्यस्तरीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ चार सितंबर को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया बतौर मुख्यातिथि करेंगे। वहीं, पांच सितंबर को फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

चार सितंबर को मुख्यातिथि विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया नगर परिषद परिसर में समाजसेवी स्वर्गीय आरके महाजन की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके उपरांत दोपहर चार बजे चौगान से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। मुख्यातिथि की अगवाई में निकलने वाली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की भागीदारी रहेगी। शोभायात्रा के उपरांत मुख्यातिथि द्वारा मंदिर में पूजा-अर्चना की जाएगी तथा इसके बाद दही हांडी कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि महोत्सव के दोनों दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चार सितंबर की स्टार नाइट में हिमाचली लोक गायक काकू राम ठाकुर एवं कुमार साहिल अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। वहीं, पंच सितंबर की स्टार नाइट में बालीवुड गायक डा. गगन सिंह एवं अनुज शर्मा अपने शानदार गीतों से महोत्सव में संगीत का रंग भरेंगे। एसडीएम अरुण शर्मा ने क्षेत्रवासियों एवं सभी श्रद्धालुओं से राज्यस्तरीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में बढ़-चढक़र भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की।