मुंबई। कोरियाई बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के बाद कोरिया की अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी और महंगी फिल्मों में शामिल साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर होप 25 सितंबर को भारत में रिलीज होगी। चर्चित फिल्मकार ना होंग-जिन के निर्देशन में बनी यह फिल्म स्टार एंटरटेनमेंट द्वारा देशभर में अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु और कोरियाई भाषाओं में प्रदर्शित की जाएगी। क्रिएचर-सर्वाइवल एक्शन, साइंस-फिक्शन, सस्पेंस और हाई-ऑक्टेन थ्रिल के मेल से तैयार ‘होप’ को बड़े पर्दे के अनुभव को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
प्लस एम एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत तथा फोज्र्ड फिल्म्स की प्लस एम एंटरटेनमेंट और वेस्टवल्र्ड के साथ सह-निर्मित यह फिल्म ना होंग-जिन की करीब एक दशक बाद फीचर फिल्म निर्माण में वापसी है। फिल्म में कोरियाई और हॉलीवुड के कलाकारों की शानदार टोली नजर आएगी। इसमें ह्वांग जंग-मिन, जो इन-सुंग और होयोन के साथ टेलर रसेल, कैमरून ब्रिटन, एलिसिया विकेंडर और माइकल फासबेंडर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। ‘होप’ दक्षिण कोरिया में एक बड़े सिनेमाई इवेंट के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है।
फिल्म ने रिलीज के समय 2026 में दक्षिण कोरिया में किसी फिल्म के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज की और पहले दिन 3.30 लाख से अधिक दर्शकों को सिनेमाघरों तक पहुंचाया। फिल्म को दुनिया भर में 200 से अधिक क्षेत्रों में वितरण हासिल हुआ है और इसने कोरियाई फिल्म इतिहास में सबसे अधिक विदेशी प्री-सेल का रिकॉर्ड भी बनाया है। फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण पहचान मिली है। ‘होप’ का प्रीमियर 79वें कान फिल्म महोत्सव के प्रतियोगिता खंड में हुआ, जहां यह प्रतिष्ठित पाल्मे डी ओर की दौड़ में शामिल हुई। इसके साथ ही ना होंग-जिन लगातार चौथी बार अपनी फिल्म को कान के प्रतियोगिता खंड तक ले जाने वाले निर्देशक बने। इससे पहले उनकी दि चेजऱ, दि येलो सी और दि वेलिंग का भी कान में चयन हो चुका है।