कान्हा की बाल लीलाओं से गूंजा पारस स्कूल, छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- पालमपुर
पारस पब्लिक स्कूल भवारना में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी बाल लीलाओं को नृत्य, संगीत और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए मनमोहक नृत्य कार्यक्रम रहे। कक्षा नर्सरी से चौथी तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं नर्सरी केजी और प्रथम कक्षा के नन्हे.मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण और राधा का रूप धारण कर अपनी मासूम अदाओं और मनमोहक नृत्य से सभी का दिल जीत लिया। उनकी सुंदर वेशभूषा और आत्मविश्वास ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया। कार्यक्रम में आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इसमें बच्चों ने श्रीकृष्ण, राधा, यशोदा, नंद बाबा, सुदामा तथा अन्य पौराणिक पात्रों का रूप धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे बच्चों ने अपनी प्रस्तुति एवं संवादों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में भक्ति, उल्लास और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय के निर्देशक महेश चंद्र कटोच, प्रधानाचार्या नीलम राणा और दिशांत कटोच ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और त्योहारों के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया। समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं और उनकी मासूमियत ने सभी का मन मोह लिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या नीलम राणा ने सभी को जन्माष्टमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी।