अरनी में आज गूंजेंगे सुरीले सुर

यूनिवर्सिटी में सुबह दस बजे से शुरू होंगे हिमाचल की आवाज के ऑडिशन

निजी संवाददाता- इंदौरा
दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप के लोकप्रिय मेगा इवेंट हिमाचल की आवाज 2026 के ऑडिशन गुरुवार को अरनी यूनिवर्सिटी इंदौरा के प्रांगण में आयोजित किए जाएंगे। ऑडिशन का आयोजन सुबह 10 बजे से होगा। हिमाचल प्रदेश के बच्चों और युवाओं में छिपी गायन प्रतिभा को सामने लाने तथा उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह है। एक मंच, अनेक सपने, सिर्फ आवाज की बात की थीम के साथ आयोजित हिमाचल की आवाज 2026 प्रदेश की उभरती हुई गायन प्रतिभाओं के लिए एक ऐसा मंच है, जहां वे अपनी आवाज और प्रतिभा के दम पर आगे बढऩे का अवसर प्राप्त कर सकते हैं। ‘दिव्य हिमाचल’ मीडिया ग्रुप द्वारा आयोजित इस मेगा इवेंट का उद्देश्य हिमाचल की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में अवसर उपलब्ध करवाना है। इस आयोजन में बच्चों और युवाओं के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।

जूनियर कैटेगरी में 8 से 10 वर्ष तक की आयु के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे, जबकि 17 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों को सीनियर कैटेगरी में रखा गया है। ऐसे में अपनी गायन प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने की इच्छा रखने वाले बच्चों और युवाओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। हिमाचल की आवाज 2026 के इस मेगा इवेंट में अरनी यूनिवर्सिटी इंदौरा पावर्ड बाय पार्टनर के रूप में दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप के साथ जुड़ी है। अरनी यूनिवर्सिटी के सहयोग से आयोजित होने वाले ऑडिशन को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के माध्यम से हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली प्रतिभाओं को अपनी आवाज का हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि प्रदेश के ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में भी अनेक ऐसी प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें उचित मंच मिलने पर वे अपनी पहचान प्रदेश और देशभर में बना सकती हैं।हिमाचल की आवाज 2026 के जरिए न केवल प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का मौका मिलेगा, बल्कि उन्हें बड़े स्तर पर आगे बढऩे की संभावनाओं से भी जोड़ा जाएगा। सुबह दस बजे अरनी यूनिवर्सिटी इंदौरा में होने वाले ऑडिशन में हिमाचल की आवाज के नए सितारे अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरेंगे।