बरोटीवाला में विधायक राम कुमार चौधरी ने नवाजे विजेता

जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में 10 ब्लॉकों के 746 छात्रों ने लिया हिस्सा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीवाला में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता शनिवार को संपन्न हुई। समापन समारोह में दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में जिले के 10 ब्लॉकों से करीब 746 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विधायक ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्त्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने बताया कि बरोटीवाला स्कूल में करीब 15 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान तैयार किया गया है। शेष बाउंड्री वॉल का काम जल्द पूरा होगा। बरसाती पानी की निकासी के लिए बड़े ड्रेनेज पाइप लगाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए ऐच्छिक निधि से 20 हजार रुपए देने की घोषणा की। उनके कार्यकाल में दून क्षेत्र के स्कूलों में सीएसआर के माध्यम से करीब आठ करोड़ रुपए की लागत से परीक्षा भवन बनाए जा चुके हैं। समारोह में दून ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलतार सिंह, बीडीसी वाइस चेयरमैन ओम प्रकाश, पूर्व प्रधान हंसराज, हितेंद्र सोनू, भाग सिंह, गुरबख्श खन्ना, नवाब चौधरी, समाजसेवी सुभाष चंद व राम गोपाल, प्राइम स्टील के जीएम परमजीत मडक़ो, सहायक उपनिदेशक स्कूल शिक्षा डॉ. शिव कुमार, प्रधानाचार्य डॉ. संजय और एसएमसी प्रधान शिव सहित शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।

सरसू में विधायक रीना कश्यप ने सम्मानित किए विजेता
नाहन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरसू में आयोजित तीन दिवसीय अंडर-14 खंड स्तरीय छात्रा खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन हो गया। समापन समारोह में पच्छाद विधायक रीना कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि ओबीसी मोर्चा पच्छाद के उपाध्यक्ष सुशील शर्मा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य सच्चिदानंद शर्मा ने मुख्यातिथि व अन्य अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता में पच्छाद खंड के 12 विद्यालयों की 131 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने वॉलीबाल, समूह गान, लोक नृत्य और एकांकी नाटक में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रमुख खेल एवं सांस्कृतिक स्पर्धाओं में मेजबान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरसू की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। मुख्यातिथि रीना कश्यप ने विजेता, उपविजेता और सभी प्रतिभागी छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां छात्राओं के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास के लिए जरूरी हैं। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया।