छह माह के बच्चे को बचाने के लिए खुद हुईं घायल
स्टाफ रिपोर्टर-अंब
मुबारिकपुर चौक में बुधवार सुबह छह माह के बच्चे को डॉक्टर के पास ले जा रही सास-बहू एक निजी स्कूल बस की चपेट में आ गईं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार सुबह सास और बहू छोटे बच्चे को गोद में लेकर मुबारिकपुर चौक से पैदल गुजर रही थीं। इसी दौरान एक निजी स्कूल की बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों सडक़ पर गिर पड़ीं।
बताया जा रहा है कि गिरने के बावजूद बहू ने खुद घायल होने के बावजूद बच्चे को मजबूती से संभाले रखा और उसे सडक़ पर गिरने से बचा लिया। हालांकि, हादसे के बाद बच्चा बुरी तरह घबरा गया और रोने लगा। दोनों बच्चे को डॉक्टर के पास दिखाने के लिए आई थीं, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गईं। थाना प्रभारी अंब विपिन कुमार ने बताया कि तेज गति से चलने वाले वाहनों और नियमों का उल्लंघन करने वाली निजी बसों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुबारिकपुर में हुई इस सडक़ दुर्घटना को लेकर अभी तक पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं है।
बालीवाल में दो पक्षों में मारपीट, केस दर्ज
ऊना। बालीवाल में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार पहले पक्ष से एक महिला ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर कुछ लोगों ने इसका रास्ता रोक लिया और इसके साथ मारपीट की गई। मारपीट में इसे चोटें आई है। उधर दूसरे पक्ष से भी एक महिला ने पुलिस के पास शिकायत दी है।एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि मामला दर्ज किया है।
कुलदेवी मंदिर के ताले तोडक़र सामान ले उड़े चोर
दौलतपुर चौक। उपमंडल गगरेट के नंगल जरियालां में चोरों ने जरियाल परिवारों की आस्था के केंद्र कुलदेवी मंदिर को भी नहीं बख्शा। अज्ञात चोर मंदिर के मुख्य गेट और अंदर रखे बक्से के ताले तोडक़र उसमें रखा सामान चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह सैर के लिए निकले स्थानीय लोगों ने मंदिर के ताले टूटे देखा। मंदिर कमेटी प्रधान ने सोशल मीडिया के माध्यम से चोरी की जानकारी साझा करते हुए सामान चोरी होने की पुष्टि की है।