सेलिंग करते रायपुर मैदान पहुंची एनसीसी टीम

टीबी मुक्त भारत का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंच रहे कैडेट्स

निजी संवाददाता-शाहतलाई
संकल्प एक्सपीडिशन-2026 के सातवें दिन 70 एनसीसी कैडेट्स ने साहस, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए करीब 22 किलोमीटर की सेलिंग पूरी की। सुबह की शुरुआत हल्के व्यायाम से हुई, जिसके बाद कैडेट्स ने सेलिंग करते हुए रायपुर मैदान का रुख किया। अब तक की यात्रा में चुनौतियों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कैडेट्स ने लगातार बाधाओं को पार करते हुए पिछले दिन तक कुल 162 किलोमीटर की सेलिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली थी। तेज हवाओंए ऊंची लहरों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच कैडेट्स ने प्रशिक्षकों की देखरेख में पूरे हौसले और टीम भावना के साथ अपनी यात्रा जारी रखी। रायपुर मैदान पहुंचने के बाद कैडेट्स ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली।

रैली के माध्यम से गांव के लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और समय पर जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक किया गया। कैडेट्स ने लोगों से टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया। रैली के बाद सभी कैडेट्स ने प्रशिक्षकों की देखरेख में रायपुर मैदान के आसपास सेलिंग का अभ्यास किया और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने सेलिंग कौशल को और बेहतर बनाया। सातवें दिन की यात्रा के दौरान देर शाम सभी कैडेट्स राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडली पहुंचे। यहां कैडेट्स ने स्कूल के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और स्थानीय लोगों के लिए टीबी मुक्त रहने के संदेश पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने बताया कि पिछले दिन सेलिंग के दौरान कैडेट्स का सामना तेज तूफान और भारी-भरकम लहरों से हुआ।