53 छात्रों की पढ़ाई पर संकट, प्रतिनियुक्ति खत्म होने के बाद भी कर्मदास चौहान कर रहे शैक्षणिक कार्य
निजी संवाददाता-नौहराधार
प्रारंभिक शिक्षा खंड नौहराधार के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला देवामानल इन दिनों शिक्षकों की कमी से जूझ रही है। वर्ष 1955 में स्थापित इस विद्यालय में प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक 53 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। आठ अप्रैल, 2026 से नियमित शिक्षक न होने के बावजूद केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला उलाना के केंद्रीय मुख्य शिक्षक कर्मदास चौहान विद्यालय की व्यवस्था संभालने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। जनहित में दी गई दो माह की प्रतिनियुक्ति अवधि समाप्त होने के बाद भी उन्होंने विद्यालय के प्रति जिम्मेदारी जारी रखी। 18 और 19 सितंबर को देवामानल पहुंचकर उन्होंने लंबित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य पूरे करवाए। कर्मदास चौहान के मार्गदर्शन में स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग के लिए पंजीकरण व सर्वेक्षण पूरा हुआ।
मिशन लाइफ के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में पौधारोपण सहित चित्रकला, स्वच्छता और जागरूकता गतिविधियां भी करवाई गईं। विद्यालय के वर्ष 1988-92 में निर्मित पुराने भवन के कमरों, चारदीवारी और अन्य संरचनाओं की हालत भी खराब बताई जा रही है। सीएचटी ने मुख्यमंत्री संकल्प 1100 हेल्पलाइन सहित संबंधित माध्यमों से नियमित शिक्षकों की नियुक्ति और भवन मरम्मत के लिए बजट की मांग उठाई है। एसएमसी अध्यक्ष विक्रम चौहान और समाजसेवी कपिल शर्मा ने कर्मदास चौहान के प्रयासों की सराहना की। अभिभावकों और ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग व प्रदेश सरकार से जल्द नियमित शिक्षकों की नियुक्ति तथा जर्जर भवन की मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत करने की मांग की।