अनजाने में राधा और शनाया की मुलाकात, शो में आया नया मोड़

मुंबई। अनमोल टीवी के पहले ओरिजिनल शो हमारी राधा की कहानी अब दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है, जहां राधा (सिमरन कौर) और शनाया (वैदेही नायर) पहली बार अनजाने में एक-दूसरे के सामने आती हैं। राधा इस बात से अनजान है कि शनाया का उसके पति गिरधर (अक्षय म्हात्रे) से खास रिश्ता है। कहानी में शनाया खरीदारी के लिए एक स्टोर पहुंचती है, जहां बिलिंग के दौरान उसे पता चलता है कि गिरधर का कार्ड अपनी लिमिट पार कर चुका है। इसी दौरान राधा भी वहां पहुंच जाती है।

खरीदारी के दौरान शनाया का कार्ड गलती से गिर जाता है, जिसे राधा और गिरधर का बेटा कियान उठा लेता है। कियान कार्ड को पहचान लेता है, लेकिन शनाया उस पर कार्ड चोरी करने का आरोप लगा देती है। बेटे पर चोरी का आरोप लगता देख राधा तुरंत उसके बचाव में खड़ी हो जाती है। वह शनाया से कियान से माफी मांगने को कहती है और अपनी बात पर तब तक अड़ी रहती है, जब तक शनाया उसके बेटे से माफी नहीं मांग लेती। इस तरह एक सामान्य मुलाकात अचानक बहस में बदल जाती है। राधा अभी शनाया की असलियत और गिरधर से उसके रिश्ते से अनजान है। दोनों की यह पहली मुलाकात आने वाले घटनाक्रम का संकेत देती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जब राधा को शनाया और गिरधर के रिश्ते की सच्चाई पता चलेगी तो कहानी किस दिशा में जाएगी। हमारी राधा का प्रसारण हर रात साढ़े नौ बजे अनमोल टीवी पर किया जा रहा है।