सत्संग प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने लिया काम का जायजा
निजी संवाददाता- सुलाह
राधा स्वामी सत्संग परौर में मंगलवार को फोरलेन द्वारा ली जा रही जमीन पर आपत्ति जताई और उनकी पैमाइश करवा डाली। हालांकि सीधे तौर पर तो उन्होंने इससे इनकार किया, पर सुबह साढ़े 11 बजे फोरलेन के निर्माणधीन क्षेत्र से लेकर उनकी बाउंडरी तक फीते डाले जा रहे थे। इससे पहले राधा स्वामी सत्संग डेरा प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों महाराज मंगलवार को अपने एक दिवसीय प्रवास पर परौर स्थित सत्संग घर पहुंचे। अपने गुरु के आने की सूचना मिलते ही पिछले दिन से ही विभिन्न जगहों व पंजाब सहित पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में अनुयायी परौर में उमड़ पड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाबा जी मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने निजी हेलिकॉप्टर से परौर स्थित सत्संग घर में बने हेलिपैड पर उतरे। हेलिपैड से सत्संग घर तक सेवादारों ने सुरक्षा घेरा बना रखा था। सत्संग घर पहुंचते ही डेरा के वरिष्ठ सेवादारों और प्रबंधकों ने उनका स्वागत किया। आज अपने प्रवास के दौरान बाबा जी ने सबसे पहले परौर सत्संग घर के अधीन चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने आज विशेष रूप से दरंग में चल रहे डेरे के निर्माण कार्य और परौर के साथ से गुजर रहे पठानकोट-मंडी फोरलेन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर सेवादारों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। दोपहर बाद बाबा जी ने आई हुई संगत को दर्शन दिए और हाथ जोडक़र सभी का अभिवादन स्वीकार किया। वहीं शाम चार बजे बाबा जी अपने चौपर से डलहौजी के लिए रवाना हो गए, जहां उनका आगे का कार्यक्रम प्रस्तावित है।