सिरमौर में एससी-एसटी अत्याचार पीडि़तों को 1.19 करोड़ की राहत

डीसी प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, वर्ष 2026 में 25 मामलों में 27.47 लाख रुपए की सहायता जारी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
उपायुक्त प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय सभागार में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति, प्रधानमंत्री के 15 सूत्री कार्यक्रम, जिला स्तरीय दिव्यांगता समिति और स्थानीय स्तरीय समिति तथा मैनुअल स्कैवेंजिंग उन्मूलन संबंधी त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में अब तक एससी-एसटी अत्याचार के 25 मामलों में पीडि़तों को 27 लाख 47 हजार 500 रुपए की राहत राशि दी गई है। वर्ष 2022 से अब तक 108 मामलों में 125 पीड़ितों को एक करोड़ 19 लाख 42 हजार 500 रुपए की सहायता जारी की जा चुकी है। प्रधानमंत्री के 15 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सिरमौर की कुल 5 लाख 29 हजार 855 आबादी में अल्पसंख्यक वर्ग की 53 हजार 25 आबादी है।

अल्पसंख्यक ऋण योजना के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में 25 लाभार्थियों को एक करोड़ सात लाख 50 हजार रुपए का ऋण दिया गया है। उपायुक्त ने दिव्यांगजनों के लिए सरकारी भवनों को बाधारहित बनाने के प्रस्ताव तैयार कर केंद्र को भेजने तथा प्रत्येक सरकारी विभाग में शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि सिरमौर के शहरी निकाय और ग्रामीण क्षेत्र मैनुअल स्कैवेंजिंग मुक्त हैं। उपायुक्त ने सफाई कर्मचारियों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाने और स्वास्थ्य जांच करवाने के निर्देश दिए। साथ ही ‘नमस्ते’ योजना की जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा सफाई कार्य के दौरान मृत्यु या दुर्घटना के मामलों का पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में मुख्यमंत्री सहारा योजना, मलिन बस्तियों के सुधार, सांप्रदायिक घटनाओं की रोकथाम और प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी, जिला न्यायवादी चंपा सुरेल, डीएसपी मुख्यालय मंगत राम सहित संबंधित अधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।