एसडीएम ठियोग डाक्टर शशांक गुप्ता ने राष्ट्रीय मार्ग का किया निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश
स्टाफ रिपोटर-ठियोग
उप-मंडल दंडाधिकारी ठियोग ने बुधवार को वन विभाग, पुलिस विभाग तथा राष्ट्रीय उच्च मार्ग/एचपीपीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर ठियोग से कंडयाली तक संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग एवं वन विभाग की भूमि पर किए गए अनधिकृत ढारों/निर्माण तथा अन्य अतिक्रमण का जायजा लिया गया। एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को ऐसे अतिक्रमणों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिक्रमणकारियों को निर्देशित किया कि दो दिनों के भीतर स्वयं अपने अनधिकृत ढारे, निर्माण एवं अन्य अतिक्रमण हटा लें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के भीतर अतिक्रमण न हटाए जाने की स्थिति में संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा तथा इसके लिए संबंधित अतिक्रमणकारी स्वयं जिम्मेदार होगा। एसडीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा सरकारी भूमि की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के मामलों की नियमित निगरानी की जाए और आवश्यक कार्रवाई में आपसी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।