सार्वजनिक शौचालय की सफाई व्यवस्था पर लगाई फटकार

नगर निगम की मेयर ने गंदगी देखकर जताई नाराजगी, नियमित सफाई सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

निजी संवाददाता-सोलन
शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की ओर से सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में चंबाघाट स्थित सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण करने पहुंची नगर निगम की मेयर ने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर शौचालय परिसर में अपेक्षित सफाई व्यवस्था नहीं मिलने पर मेयर ने नाराजगी जताई और वहां तैनात कर्मचारी को फटकार लगाई। मेयर ने कर्मचारी से शौचालय की नियमित सफाई को लेकर जानकारी ली और पूछा कि सार्वजनिक शौचालय में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए जिम्मेदारी तय होने के बावजूद यहां गंदगी क्यों नजर आ रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक शौचालय का इस्तेमाल रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोग भी करते हैं। ऐसे में यहां स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है। मेयर ने संबंधित कर्मचारी को निर्देश दिए कि शौचालय की नियमित रूप से सफाई की जाए तथा परिसर में गंदगी जमा न होने दी जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। नगर निगम की ओर से शहर में स्वच्छता को लेकर आगे भी निरीक्षण जारी रखे जाएंगे। चंबाघाट शहर के प्रमुख क्षेत्रों में शामिल है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में यहां सार्वजनिक शौचालय की साफ-सफाई को लेकर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।