अस्पताल में मरीजों की भीड़; ओपीडी में 1500 मरीज इलाज के लिए पहुंचे, 150-200 मरीजों में सर्दी-खांसी के लक्ष्ण
निजी संवाददाता-सोलन
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण जिले में वायरल संक्रमण के मामले बढऩे लगे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की मेडिसिन ओपीडी में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज वायरल के लक्षणों के साथ पहुंच रहे हैं। अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण ओपीडी के बाहर भीड़ देखने को मिल रही है। अस्पताल ओपीडी में 1500 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। जानकारी के अनुसार अस्पताल में रोजाना करीब 250 से अधिक मरीज वायरल की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें करीब 100 मरीजों को तेज बुखार की शिकायत बताई जा रही है। इसके अलावा मरीजों में शरीर में दर्द, कमजोरी, गले में खराश, खांसी और जुकाम जैसे लक्षण भी सामने आ रहे हैं।
सीएमओ सोलन डो. अजय पाठक ने कहा कि बदलते मौसम में वायरल संक्रमण के मामले बढऩा सामान्य है, लेकिन लोगों को इसे लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अचानक बदलते तापमान से अपना बचाव करें और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न बरतें। मौसम में बदलाव के दौरान शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो सकती है, इसलिए पर्याप्त आराम, संतुलित भोजन और साफ पानी का सेवन करना जरूरी है। लोगों को एडवाइजरी जारी कर साफ, उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पीने की सलाह दी गई है। साथ ही बाहर के खुले और बासी खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने के लिए कहा गया है। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। वायरल के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, शरीर में दर्द, अत्यधिक थकान, गले में खराश, खांसी और जुकाम शामिल हैं। कुछ मरीजों में उल्टी, दस्त और भूख कम लगने जैसी समस्या भी हो सकती है।
भीड़भाड़ वाली जगहों में मास्क का करें इस्तेमाल
सीएमओ डाक्टर अजय पाठक ने कहा कि खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकना चाहिए तथा भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हाथों को बार-बार साबुन से धोना और गंदे हाथों से आंख, नाक व मुंह को छूने से बचना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वायरल के लक्षण दिखाई देने पर घबराने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और अस्पतालों में मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए उचित व्यवस्था की जा रही है।