पहली अप्रैल से 31 दिसंबर 2025 तक जिला में कुल 92 सडक़ दुर्घटनाएं हुई रिकार्ड
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बिलासपुर
पिछले साल की तुलना में इस बार जिला बिलासपुर में सडक़ हादसों में कमी दर्ज की गई है। जिले में सडक़ दुर्घटनाओं की स्थिति की समीक्षा में यह खुलासा हुआ है जिसके तहत 1 अप्रैल 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक जिले में कुल 92 सडक़ दुर्घटनाएं दर्ज की गई थीं, जबकि 1 जनवरी से 31 जुलाई 2026 तक 73 सडक़ दुर्घटनाएं रिपोर्ट हुई हैं। वर्ष 2026 में दर्ज दुर्घटनाओं में फोरलेन क्षेत्र में 24, घुमारवीं क्षेत्र में 15 तथा सदर क्षेत्र में 12 दुर्घटनाएं सामने आई हैं।जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त राहुल कुमार ने लोक निर्माण विभागए क्षेत्रीय परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की और निर्देश जारी किए।
उन्होंने एनएचएआई, संबंधित उपमंडल अधिकारियों तथा पुलिस विभाग को जिले में विशेष रूप से फोरलेन पर मुख्य ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यक सडक़ सुरक्षा उपाय प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किए जाएंए ताकि सडक़ दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके। उन्होंने परिवहन विभाग को जिले में अधिक से अधिक सडक़ सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। वाहन चालकों, युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों और आम लोगों को यातायात नियमों तथा सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। बैठक में बताया गया कि फोरलेन क्षेत्र में पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पर इस वर्ष अब तक ओवर स्पीड के 63,265 चालान किए गए हैं। वहीं इस दौरान सारा ब्यौरा दिया गया।
उपायुक्त ने प्रभावी कार्रवाई करने के दिए निर्देश
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्ती बढ़ाने तथा ओवर स्पीड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के साथ-साथ लोगों में सडक़ सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित की जानी चाहिए। बैठक में जानकारी दी गई कि 1 जनवरी से 31 जुलाई 2026 तक पुलिस विभाग द्वारा कुल 90,232 चालान किए गए, जिनसे 1 करोड़ 10 लाख 32 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त आरटीओ बिलासपुर द्वारा अब तक 2,255 चालान किए गए हैं। इनमें ओवरलोडिंग, वाहन फिटनेस सहित विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित मामले शामिल हैं।