सेंसेक्स 1124 अंक गिरा, डूब गए सात लाख करोड़

ट्रंप के ईरान जंग रोकने से इनकार का असर, शेयर बाजार में लगातार आठवें हफ्ते गिरावट

एजेंसियां — मुंबई

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान जंग रोकने से इनकार से घबराए शेयर बाजार में सोमवार को बड़ी गिरावट देखी गई। यह लगातार आठवां हफ्ता है, जब शेयर मार्केट में गिरावट का रुख रहा है। सोमवार को सेंसेक्स 1124 अंक, यानी 1.52 फीसदी गिरावट के साथ 72,772 पर बंद हुआ। इधर, निफ्टी में 360 अंक, यानी 1.56 फीसदी की गिरावट रही। यह 22,780 पर बंद हुआ।

बाजार में गिरावट की वजह तेज बिकवाली रही। इससे निवेशकों की वेल्थ सात लाख करोड़ से ज्यादा घट गई। शुक्रवार को बाजार बंद होते समय बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 482 लाख करोड़ रुपए के करीब था, जो सोमवार को घटकर 475 लाख करोड़ रुपए रह गया। बता दें कि 25 सितंबर को खत्म हुए पूरे हफ्ते में निफ्टी 206 अंक या 0.9 फीसदी टूटकर 23,141 पर बंद हुआ था। वहीं, सेंसेक्स 400 अंक या 0.5 फीसदी गिरकर 73,896 पर बंद हुआ था। हालांकि शुक्रवार को शेयर बाजार में तेजी आई थी।

सोना 4133 रुपए सस्ता, चांदी के दाम 9297 रुपए टूटे

नई दिल्ली। सोने-चांदी के दाम में सोमवार को भारी गिरावट देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 4,133 रुपए गिरकर 1.48 लाख रुपए पर आ गया है। उधर, एक किलो चांदी 9,297 रुपए सस्ती होकर 2.23 लाख रुपए पर आ गई है। सितंबर में अब तक 28 दिनों में सोना आठ हजार और चांदी 14 हजार सस्ती रुपए हुई है। 31 अगस्त को सोना 1.56 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, जो अब 1.48 लाख रुपए पर आ गया है। इसी तरह एक किलो चांदी की कीमत 2.37 लाख रुपए से गिरकर 2.23 लाख रुपए पर आ गई है।