सोलन में सजेगा ‘हिमाचल की आवाज’ का मंच, ऑडिशन सात सितंबर से, घर-द्वार मिलेगा शानदार मौका

‘दिव्य हिमाचल’ के मेगा इवेंट के ऑडिशन सात सितंबर से, घर-द्वार मिलेगा शानदार मौका

निजी संवाददाता-सोलन

‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ का लोकप्रिय और बहुप्रतीक्षित संगीत मंच ‘हिमाचल की आवाज-2026’ एक बार फिर प्रदेश की उभरती गायन प्रतिभाओं को अपनी आवाज का हुनर दिखाने का शानदार अवसर देने जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से गीत-संगीत के क्षेत्र में पहचान बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए ऑडिशन का कारवां सात सितंबर से शुरू होगा। अरनी यूनिवर्सिटी द्वारा प्रायोजित हिमाचल की आवाज-2026’ ‘एक मंच, अनेक सपने, सिर्फ आवाज की बात’ की सोच के साथ आयोजित होने वाले इस संगीत प्रतियोगिता में प्रदेशभर के प्रतिभागियों को अपनी गायकी का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को जूनियर और सीनियर दो श्रेणियों में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

जूनियर वर्ग में 8 से 16 वर्ष तक के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे, जबकि 17 वर्ष और उससे अधिक आयु के प्रतिभागी सीनियर वर्ग में अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। इस बार ऑडिशन का सिलसिला जिला सोलन से शुरू होगा। अलग-अलग चरणों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगे बढऩे का मौका मिलेगा और श्रेष्ठ प्रतिभाएं प्रतियोगिता के आगामी दौर में पहुंचेंगी। इसके बाद सेमीफाइनल और ग्रैंड फिनाले में प्रदेश के चुनिंदा सुरों के सितारे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। ‘हिमाचल की आवाज’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रदेश की संगीत प्रतिभाओं को पहचान और मंच देने की एक महत्वपूर्ण पहल है। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी प्रतियोगिता से जुड़े प्रतिभागियों के लिए गीत-संगीत के क्षेत्र में आगे बढऩे के नए अवसर बनने की उम्मीद है। विजेताओं के लिए कैश प्राइज और आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं।

सात से 17 सितंबर तक होगी हुनर की परख

सोलन में सात सितंबर 2026 को बीएल स्कूल, माल रोड पर ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। इसके अगले दिन आठ सितंबर को आरकेएमवी कॉलेज, शिमला में प्रतिभागियों की आवाज परखी जाएगी। नौ को बिलासपुर, 10 को हमीरपुर और 11 सितंबर को ऊना में ऑडिशन होंगे। संगीत प्रतिभाओं के लिए अगला पड़ाव 15 सितंबर को पालमपुर रहेगा, जबकि 17 सितंबर को अरनी यूनिवर्सिटी कैंपस, इंदौरा में ऑडिशन आयोजित किया जाएगा।

मीडिया ग्रुप की पहल में ये रहेंगे पार्टनर

‘दिव्य हिमाचल’ मीडिया ग्रुप की इस पहल में अरनी यूनिवर्सिटी पावर्ड बाय, जबकि स्वामी विवेकानंद सुभारती यूनिवर्सिटी एजुकेशन पार्टनर, हमदर्द हनी हेल्थ पार्टनर और अनमोल पार्टनर के रूप में जुड़े हैं। प्रदेश के सुरों के नए सितारों की तलाश में ‘हिमाचल की आवाज-2026’ का मंच तैयार है और अब इंतजार है उन आवाजों का, जो अपनी गायकी से प्रदेशभर में अलग पहचान बनाएगी।