तीन दिन 25 स्कूलों के 229 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, मुख्यातिथि भीम सिंह ठाकुर ने समझाया खिलाडिय़ों को खेलों का महत्त्व
स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
उपमंडल अर्की के डुमैहर में तीन दिवसीय अंडर 14 स्कूली छात्र वर्ग की खंड स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर नया सवेरा जन कल्याण समिति अर्की के अध्यक्ष भीम सिंह ठाकुर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे, जिनका आयोजक समिति की ओर से शॉल टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में 25 स्कूलों के 229 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल व बैडमिंटन खेल में खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। मुख्यातिथि भीम सिंह ठाकुर ने खेलकूद प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि खेल का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। खेलों के जरिये जहां हमारा शारीरिक विकास होता है, वहीं मानसिक रूप से भी मजबूत होते है। उन्होंने कहा कि खेल हमें अनुशासन में रहना सिखाता है।
ग्रामीण क्षेत्र से निकले खिलाड़ी आज प्रदेश व देश का प्रतिनिधित्व कर रहे है जिसके पीछे उनकी मेहनत व लग्न है। उन्होंने अपनी ओर से आयोजक समिति को 7100 रुपए देने की घोषणा की। इस मौके पर स्थानीय पंचायत प्रधान कर्म चंद, उपप्रधान शीतल पाल, स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार, डीपीई राजकुमार पाल, टूर्नामेंट प्रभारी यशपाल, टूर्नामेंट पर्यवेक्षक महेंद्र राठौर, विजय कुमार, गिरधारी लाल, भास्कर ठाकुर, कामेश्वर ठाकुर, हेमंत पाठक, हरीश कुमार, खेमराज, सौरभ, जियालाल वर्मा सहित स्थानीय विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य व खिलाड़ी उपस्थित रहे। खो-खो खेल में पहला मैच बथालंग व हिमाचल एकेडमिक स्कूल बाहवां के मध्य हुआ, जिसमें बथालंग की टीम विजयी रही। दूसरा मैच में डुमैहर ने बखालग, तीसरे मैच में भूमती ने बथालंग को व चौथे मैच में डुमैहर ने गुरुकुल इंटरनेशनल कुनिहार को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। कबड्डी के पहले मैच में चंडी (अर्की) ने हिमाचल एकेडमिक स्कूल बाहवां, दूसरे मैच में एसवीएन कुनिहार ने बथालंग को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं वॉलीबाल के मैच में चंडी (अर्की) ने एसवीएम कुनिहार, मांगू ने कश्लोग और शहरोल ने सानन को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।