राज्य पुस्तकालय में बढ़ा पढ़ाई का क्रेज, 37,823 हुए सदस्य

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए रोजाना 200 विद्यार्थी पहुंच रहे लाइब्रेरी, सात हजार से ज्यादा बढ़ी सदस्यता

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शांत माहौल, पढ़ाई की सुविधा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शिमला के राज्य पुस्तकालय में विद्यार्थियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। डा. भीमराव अंबेडकर राज्य पुस्तकालय में सदस्यों की संख्या बढक़र 37,823 हो गई है। पिछले समय में यह संख्या करीब 30 हजार थी। यानी सदस्यता में सात हजार से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। लाइब्रेरी में उपलब्ध करीब 200 सीटों पर रोजाना विद्यार्थी अध्ययन के लिए पहुंच रहे हैं। लाइब्रेरी प्रबंधन के अनुसार बढ़ती सदस्य संख्या से विद्यार्थियों और युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकालय के उपयोग का रुझान सामने आ रहा है। यहां पढऩे वाले कई विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और कुछ सफलता भी हासिल कर चुके हैं।

लाइब्रेरी प्रभारी वीना शर्मा ने बताया कि वर्ष 2025 में नवीनीकरण के बाद पुस्तकालय का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी लाइब्रेरी के अनुशासन और डेकोरम को बनाए रखते हैं। शांत और अध्ययन के अनुकूल वातावरण विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। हिमाचल प्रदेश राज्य पुस्तकालय में 14 वर्ष तक के बच्चों की सदस्यता भी होती है, जबकि वयस्क पाठकों का पंजीकरण डा. भीमराव अंबेडकर राज्य पुस्तकालय में किया जाता है। बच्चों के लिए अलग पंजीकरण व्यवस्था है। हालांकि स्कूल जाने के कारण कई विद्यार्थी नियमित रूप से पुस्तकालय नहीं आ पाते, फिर भी सदस्यता में बढ़ोतरी हुई है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लाइब्रेरी बनी विद्यार्थियों की पसंद, सदस्यता बढ़ी

लाइब्रेरी भवन की क्षमता करीब 200 विद्यार्थियों की है। रोजाना 200 विद्यार्थी यहां पढऩे के लिए आते हैं! वर्ष 2025 में क्रैक अकादमी द्वारा लाइब्रेरी का जीर्णोद्धार करवाया गया था। ऐतिहासिक राज्य पुस्तकालय का नवीनीकरण करीब 1.50 करोड़ रुपए की लागत से करवाया गया था। नवीनीकरण के बाद पुस्तकालय को बेहतर सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों के लिए व्यवस्थित किया गया है। साथ ही, लाइब्रेरी की ऐतिहासिक विरासत को बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।