तकनीकी कौशल उद्योगों की जरूरत

ग्लोबल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी कालेज में एआई, मशीन लर्निंग और अन्य चुनौतियों पर चर्चा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- ऊना
ग्लोबल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग की आधुनिक तकनीकों, उनके व्यावहारिक उपयोग और भविष्य की संभावनाओं से परिचित करवाने के लिए जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को इन तकनीकों की मूल अवधारणाओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में इनके बढ़ते उपयोग की जानकारी दी गई। सेमिनार में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग के वास्तविक जीवन में उपयोग, उद्योगों पर इनके प्रभाव तथा इनके जिम्मेदार इस्तेमाल से जुड़ी तकनीकी और नैतिक चुनौतियों पर चर्चा की गई।

विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान मजबूत करने के साथ व्यावहारिक कौशल विकसित करने और किसी भी तकनीक का उपयोग सोच-समझकर करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन इंजीनियर रवीना सैनी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी दौर के अनुरूप स्वयं को तैयार करने तथा नई तकनीकों की संभावनाओं को समझने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधानाचार्य डॉ. एके नंदा ने कहा कि विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप ज्ञान और कौशल प्रदान करना समय की जरूरत है। अध्यक्ष जेएस गिल ने भी सेमिनार के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोडऩे के साथ उनके व्यावसायिक विकास में भी सहायक होती हैं।