बरठीं बाजार से कृषि विज्ञान केंद्र तक के काम के लिए स्वीकृत हुई थी 32 लाख की राशि
कार्यालय संवाददाता — बिलासपुर
झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बरठीं बाजार से होकर स्कूल रोड के लिए कृषि विज्ञान केंद्र तक जाने वाले लिंक रोड का कार्य अब अधर में ही लटकता हुआ नजर आ रहा है। करीब 32 लाख रुपए की राशि स्वीकृत होने के बावजूद यह कार्य पूरा नहीं हो पाया है। अभी तक आधा ही कार्य पूरा हो पाया है। अब शेष कार्य के लिए बजट का प्रावधान करने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रक्रिया शुरू की गई है, लेकिन लाखों की राशि आधे कार्य तक ही सिमट कर रह गई। लोगों को अभी तक इस सडक़ का पूरा लाभ नहीं मिल पाया है। बरठीं बाजार से होकर स्कूल रोड के लिए जाने वाला लिंक रोड खस्ताहाल हो चुका था। इस रोड की दुर्दशा सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से बजट का प्रावधान करवाया गया। हालांकि इस 32 लाख के बजट का प्रावधान होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि उन्हें जल्द ही रोड की खस्ताहालत से निजात मिलेगी, लेकिन लोगों की उम्मीदें अभी भी धरी हुई हैं।
यह लाखों रुपए का बजट मेन बाजार बरठीं से लेकर अस्पताल तक ही खर्च हो गया। अभी हुई हाल की बारिश में इस रोड की हालत बदतर बनी हुई थी। इसका खामियाजा स्थानीय लोग ही भुगत रहे हैं। बता दें कि इस लिंक रोड से गुजरने वाले लोगों को जहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरठीं, बरठीं अस्पताल या फिर केवीके के लिए आवाजाही रहती है, लेकिन अभी तक अस्पताल तक ही रोड की हालत सुधर पाई है। वहीं स्थानीय लोगोंं ने इस रोड के कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए हैं। शिकायकर्ता ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी इस कार्य को लेकर शिकायत दर्ज करवाई है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को भी शिकायत दी है। बताया जा रहा है कि दशकों के बाद इस रोड का कार्य शुरू हुआ था, लेकिन वह अधर में लटक गया है।
पहले टारिंग, फिर पेवर्स लगाए
बताया जा रहा है कि इस संबधित लिंक रोड पर पहले टायरिंग करने को लेकर प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन बाद में पेवर्स लगा दिए गए। पेवर्स लगाने के बाद अब इस रोड का कार्य अधर में लटका हुआ है।