आयुक्त सचिन कंवल आज डॉग सेंटर का करेंगे निरीक्षण
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम अब ठोस योजना तैयार करने की तैयारी में है। शहर के अलग-अलग हिस्सों से मिल रही शिकायतों और लोगों की परेशानियों को देखते हुए बुधवार को नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में आवारा कुत्तों से जुड़ी शिकायतों, उनके निपटारे और मौजूदा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त सचिन कंवल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में आवारा कुत्तों को लेकर सामने आ रही शिकायतों पर गंभीरता से काम किया जाए। इसके लिए उपलब्ध संसाधनों और मौजूदा डॉग सेंटर की क्षमता का भी आकलन किया जाएगा। इसी कड़ी में आयुक्त सचिन कंवल गुरुवार को डॉग सेंटर का मौके पर निरीक्षण करेंगे।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि सेंटर की वास्तविक स्थिति और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली जा सके। निरीक्षण के दौरान सबसे अहम तौर पर यह देखा जाएगा कि डॉग सेंटर में एक समय में कितने कुत्तों को रखने की क्षमता है। इसके अलावा सेंटर में कुत्तों को रखने, उनकी देखभाल और आगे की प्रक्रिया को लेकर किस तरह व्यवस्था की जा सकती है, इस पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा होगी। मौके पर उपलब्ध सुविधाओं और क्षमता के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। शहर में आवारा कुत्तों की संख्या बढऩे के साथ कई क्षेत्रों से लोगों की शिकायतें नगर निगम तक पहुंच रही हैं। लोगों की ओर से सार्वजनिक स्थानों, रास्तों और रिहायशी क्षेत्रों में कुत्तों के झुंड होने की शिकायतें की जा रही हैं। ऐसे में निगम अब शिकायतों के आधार पर केवल कार्रवाई करने के बजाय पूरी व्यवस्था को लेकर योजना तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आयुक्त ने बुधवार को हुई बैठक में अधिकारियों से अब तक मिली शिकायतों और उनके निपटारे की जानकारी भी ली। गुरुवार को डॉग सेंटर के निरीक्षण के बाद निगम की ओर से आगे की व्यवस्था को अंतिम रूप देने की तैयारी है। निगम का प्रयास है कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर शहर में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्था तैयार की जाए।