हमीरपुर नगर निगम के पेंशनरों का फूटा गुस्सा, आयुक्त राकेश शर्मा से की मुलाकात
कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
नगर निगम हमीरपुर के पेंशनरों के साथ शिव सिंह सेन प्रदेशाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश शहरी स्थानीय निकाय सेवानिवृत्त कर्मचारी महासंघ की अध्यक्षता में नगर निगम के टाऊन हाल हमीरपुर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ओम प्रकाश शर्मा जिला संयोजक हमीरपुर, किशोरी लाल ठाकुर महासचिव जिला हमीरपुर, अश्विनी सेठी उपाध्यक्ष हमीरपुर, बालक राम संगठन सचिव, कुलदीप शर्मा सह-सचिव, बाबूराम, अमरनाथ, हेमराज, बकील सिंह ठाकुर, तिलक राज तथा महिला शक्ति बिमला आदि भी उपस्थित रहीं।
बैठक में निदेशक शहरी विकास विभाग द्वारा चार जून 2026 को हिमाचल प्रदेश के शहरी स्थानीय निकायों के पेंशनरों को एक जनवरी 2016 के वेतनमान के आधार पर पेंशन देने के आदेश हुए हैं, उसकी अनुपालना तीन महीने व्यतीत होने के उपरांत भी नहीं हुई है। इसके प्रति पेंशनरों में सरकार के विरुद्ध भारी रोष है। इस बैठक में हिमाचल सरकार के प्रति भी रोष प्रकट किया गया कि हिमाचल प्रदेश नगर पालिका अधिनियमों के अनुसार पेंशन निदेशक शहरी विकास विभाग के माध्यम से वितरण करने का प्रावधान है, जो सरकार नहीं करवा रही है। इसके लिए भी मुख्यमंत्री तथा विक्रमादित्य सिंह शहरी विकास विभाग मंत्री से आग्रह किया गया कि इन नियमों के अनुसार सभी निकायों के पेंशनरों का संचालन निर्देशक शहरी विकास विभाग के माध्यम से शीघ्र किया जाए।
जल्द भुगतान का आश्वासन
बैठक संपन्न होने के उपरांत सभी पेंशनर्ज नगर निगम हमीरपुर आयुक्त राकेश शर्मा से इस संदर्भ में मिले तथा उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही पेंशनरों को उनकी पेंशन तथा सरकार के निर्देशानुसार एरियर दे दिया जाएगा। इसके लिए सभी पेंशनरों ने उनका धन्यवाद किया।