हरे कृष्णा के संकीर्तन से गूंजा थानाकलां, भक्ति में झूम उठे श्रद्धालु
कार्यालय संवाददाता – बंगाणा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थानाकलां में राधा अष्टमी के पावन अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने विशेष रूप से शिरकत कर श्रद्धालुओं को प्रवचन दिए। बाबा बाल जी महाराज के आगमन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उनके प्रवचनों का श्रवण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। बाबा बाल जी महाराज ने अपने प्रवचन में भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की भक्ति का महत्व बताते हुए श्रद्धालुओं को सद्मार्ग पर चलने, आपसी प्रेम एवं भाईचारे को बढ़ावा देने तथा प्रभु भक्ति में जीवन व्यतीत करने का संदेश दिया। प्रवचन के दौरान बाबा बाल जी महाराज ने भजन-कीर्तन भी किया।
उन्होंने हरे कृष्णा, हरे कृष्णा, कृष्णा कृष्णा, हरे हरे का संकीर्तन करवाया तो उपस्थित श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे। बाबा बाल जी महाराज के भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देखते ही देखते पूरा पंडाल हरिनाम संकीर्तन से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति भाव में नृत्य करने लगे। कार्यक्रम स्थल पर राधा-कृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर वशिष्ठ ग्रुप के चेयरमैन सतपाल वशिष्ठ ने वृंदावन धाम स्थित आश्रम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक कमरे का निर्माण करवाने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। राधा अष्टमी के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।