सुजानपुर में बिजली कटौती का ‘करंट’

दिन में आठ बार जा रही लाइट, लोग परेशान

सिटी रिपोर्टर – सुजानपुर
न बारिश, न ही तूफान, मौसम बिल्कुल साफ, बावजूद इसके सुजानपुर शहर में बार-बार बिजली गुल होना आम बात हो गई है। दिन के समय लग रहे बिजली के अनगिनत अघोषित कटों से जनता काफी परेशान है। विद्युत उपभोक्ताओं ने बिजली बोर्ड से मांग की है कि इस समस्या से शीघ्र-अतिशीघ्र निजात दिलाई जाए। गौरतलब है कि सुजानपुर शहर में बिजली कटौती अब लोगों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन के समय कई-कई बार बिजली बंद हो रही है। कुछ कट थोड़ी देर के लिए होते हैं, जबकि कई बार बिजली घंटों तक वापस नहीं आती। लोगों के मुताबिक एक दिन में करीब 8 बार तक बिजली जाने की समस्या सामने आ रही है। सबसे ज्यादा चिंता उन लोगों को है जिनके घरों में बिजली से चलने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण इस्तेमाल होते हैं। बार-बार बिजली बंद होने और फिर अचानक आने से वोल्टेज में उतार-चढ़ाव की आशंका बनी रहती है। शहर के लोगों का कहना है कि बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, तो क्या आने वाले समय में बिजली कटौती की समस्या भी कम होगी।

जनता टेंशन में
खासकर गर्मी, बरसात या मौसम बदलने के दौरान बिजली की जरूरत और बढ़ जाती है। ऐसे में बार-बार बिजली गुल होने से बच्चों की पढ़ाई पर भी विपरीत असर पड़ रहा है।

असली वजह बताई
इस संदर्भ में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता अंकज गुप्ता ने बताया कि लोड बढऩे के कारण यह समस्या पेश आ रही है।