चोरी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी, सीडीआर और डंप डेटा से मिला सुराग, 3.14 लाख का सामान बरामद

निजी संवाददाता- अवाहदेवी
धर्मपुर पुलिस ने सज्योड़ी में हुई ब्लाइंड चोरी की वारदात को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और विभिन्न तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया करीब 3 लाख 14 हजार रुपये मूल्य का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में जिला कारागार मंडी में हैं। जानकारी के अनुसार सज्योड़ी निवासी रीतेश कुमारी पत्नी चमन भारद्वाज अपने बच्चों के साथ गुजरात में रहती हैं, जबकि उनके पति विदेश में नौकरी करते हैं। सज्योड़ी स्थित उनके घर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। पुलिस के अनुसार 3 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे दो संदिग्ध व्यक्ति घर के बाहर घूमते हुए सीसीटीवी में दिखाई दिए। इसके करीब 18 मिनट बाद रात 11:48 बजे आरोपियों ने घर का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश किया।

आरोपियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को बंद कर उन्हें अंदर रख दिया और इसके बाद घर से कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात के दौरान आरोपी कैमरों को भी उखाडक़र अपने साथ ले गए। शिकायत मिलने के बाद धर्मपुर थाने में 7 सितंबर को ं मामला दर्ज किया गया। उपमंडलीय पुलिस अधिकारी संजीव सूद के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी धर्मपुर की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएसआई खुश राज, एएसआई विकास शर्मा, हेड कांस्टेबल मेहर सिंह और एलएचसी राजेश शामिल रहे। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और डंप डेटा का बारीकी से विश्लेषण किया।

फ्रिज से लेकर एयर गन तक बरामद
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है। बरामद सामान में फ्रिज, वॉशिंग मशीन, होम थिएटर, पिलर हीटर, स्टील कंटेनर, सूटकेस, कपड़े, लेदर जैकेट, ब्लेजर, ऊनी टोपियां, वैक्यूम क्लीनर, गद्दे, एयर गन, पीतल की गागर, कुर्सियां, सोफा कुशन, ट्रैकसूट, तकिए और साड़ी सहित अन्य सामान शामिल है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जिला कारागार मंडी भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है।