गुग्गा छतरी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, अंतिम फेरी में भक्तों ने लगाए जयकारे
निजी संवाददाता- सुलाह
सुलाह क्षेत्र के अंतर्गत प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गुग्गा छतरी मंदिर में उत्सव के सातवें दिन मंदिर सलोह में खूब रौनक देखने को मिली। बता दें कि गुरुवार को बाबा जी की तीसरी व अंतिम फेरी थी, जिसको लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिला। सुबह सात बजे गुग्गा मंदिर में प्रात: कालीन आरती की गई, फिर उसके बाद बाबा जी के छतर को लेकर पुजारी तीसरी व अंतिम फेरी की रवानगी के लिए बाहर आए, तो सैंकड़ों गुग्गा भक्त अपने आप को लोहे के संगलो पीटते नजर आए, जिससे उन्हें पापों से मुक्ति मिलती है।
उस समय आस्था का इतना सैलाब उमड़ा की मंदिर में तिल धरने को जगह नहीं बची थी। ऐसे में पुजारियों चेलों सहित तीसरी व अंतिम फेरी सुलाह, गरला, फरेढ़ व चिंबलहार के लिए रवाना हुई, जो कि लोगों के घरों में जाएगी। ऐसे में फेरी की रवानगी से पहले श्रद्धालुओं ने बाबा जी के छतर के दर्शन कर निहाल किया। उस समय बाबा जी के जयकारों के साथ माहौल भक्तिमय हो गया। तीसरी फेरी के दौरान पुजारी बाबा जी के छतर को लेकर घर घर जाकर गुग्गा छतरी की गाथा गाकर गांव में सुख शांति की प्रार्थना करते हैं। इस मौके पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। और परिवार की सुख शांति की प्रार्थना की। तत्पश्चात फेरी की रवानगी के बाद भक्तों को मिट्टी व प्यास भी बांटी गई। स्थानीय लोगों द्वारा मंदिर में माथा टेकने आए लोगों को प्रसाद भी बांटा गया।