कान्हा की भक्ति में डूबा वशिष्ठ स्कूल, नन्हे कलाकारों ने बिखेरे रंग और सुर

वशिष्ठ स्कूल बना वृंदावन, राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे सितारों ने मोह लिया सभी का मन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – ऊना
वशिष्ठ पब्लिक स्कूल ऊना में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भव्यता के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विद्यालय परिसर को कृष्ण की नगरी के रूप में बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया। अंजलि वशिष्ट की अगुवाई में किंडरगार्टन की अध्यापिकाओं एवं कला अध्यापिकाओं की टीम ने अपनी रचनात्मकता का शानदार परिचय देते हुए कान्हा की नगरी को भव्य रूप प्रदान किया। परिसर में ‘खूबसूरत पल कान्हा के संग’, ‘सेल्फी प्वाइंट’, कान्हा की दुकान, द्वारपाल के साथ युगल सरकार का विग्रह, भव्य प्रवेश द्वार तथा बरसाना की झलक प्रस्तुत की गई, जिसने सभी का मन मोह लिया। इन आकर्षक झांकियों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ब्रज की सुंदर एवं भक्तिमय संस्कृति का अनुभव करवाया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप ने मटकी फोड़ी और इसके उपरांत सभी विद्यार्थियों को माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित किया गया। पूरे विद्यालय में कृष्ण भक्ति एवं उत्सव का मनमोहक वातावरण देखने को मिला।

जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं एकल गायन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण, सुदामा, मीराबाई, गूगल, वृक्ष आदि विभिन्न रूप धारण कर अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे विद्यार्थी बेहद आकर्षक लग रहे थे। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के स्ट्रॉबेरी ग्रुप में कक्षा पहली से वेदिका शर्मा एवं शिवांशी शर्मा ने प्रथम, इविका एवं अनुभव सिंह ने द्वितीय तथा मिश्का, रिपांशी गुप्ता एवं बबनीत कौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा दूसरी से महक चौधरी एवं अभिधा रावल ने प्रथम, राभया बाली एवं विराट कौशल ने द्वितीय तथा दिव्यम चौधरी एवं आरव रूप राय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एप्पल ग्रुप में कक्षा तीसरी से नित्या ने प्रथम, तनिप साहू ने द्वितीय तथा शौरवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा चौथी से सक्षम शर्मा ने प्रथम, दिव्यांश सहोर एवं युवान ने द्वितीय तथा रिहांशी बसराल एवं अक्षिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल गायन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी मधुर आवाज एवं मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। ऑरेंज ग्रुप में नमित बस्सी एवं स्वरा ने प्रथम, गुरसीरत एवं आरुषि ने द्वितीय तथा रचित शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मैंगो ग्रुप में देवांश वशिष्ट ने प्रथम, यशिका राजपूत एवं ईशा शर्मा ने द्वितीय तथा विनायक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेलन ग्रुप में नमिश बस्सी ने प्रथम, आर्यवीर धीमान ने द्वितीय तथा इनायत राणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने किया मार्गदर्शन

स्कूल के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने विद्यार्थियों को जन्माष्टमी पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत करवाया तथा उन्हें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों एवं शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।