देहलां स्कूल में बाल विज्ञान कांग्रेस मेले का विधिवत समापन
कार्यालय संवाददाता-मैहतपुर बसदेहड़ा
राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देहलां में आयोजित दो दिवसीय 33वें सब-डिवीजन स्तरीय बाल विज्ञान मेले का शनिवार को समापन हुआ। समापन समारोह में जिला शिक्षा उपनिदेशक (सेकेंडरी) अनिल कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से प्रदर्शित वैज्ञानिक मॉडलों, प्रोजेक्टों और गतिविधियों का अवलोकन कर नन्हे वैज्ञानिकों की प्रतिभा की सराहना की। अनिल कुमार ने कहा कि विज्ञान मेले विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित रहने के बजाय आसपास होने वाली घटनाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में सवाल पूछने, प्रयोग करने और नई संभावनाओं की तलाश करने की प्रवृत्ति विकसित करना जरूरी है। गणित ओलंपियाड के वरिष्ठ माध्यमिक वर्ग में स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल की पलक, वरिष्ठ वर्ग में डीएवी सेंटेनरी के वैष्णव ठाकुर और जूनियर वर्ग में स्कॉलर्स यूनिफाइड के आरव कौशिक ने पहला स्थान हासिल किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुरेंद्र कौंडल, राकेश जसवाल, एडीपीओ जगजीत सिंह, नोडल अधिकारी पुष्पा देवी, डीपी कुलदीप राज चंदेल, रवि राणा, संजीव कुमार सहित शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। वहीं अन्य भी मौजूद रहे।