एचआईवी जागरूकता पर चर्र्चा, एशियन लॉ कालेज ‘बेस्ट कॉन्टिंजेंट अवार्ड’ से सम्मानित
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एचपीएनएलयू) में यूथ रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘स्वास्थ्य मंथन-2026 एक नेशनल यूथ फेस्टिवल एंड कॉन्क्लेव’ आयोजित किया गया। इसमें देशभर से पहुंचे विद्यार्थियों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और संस्थागत प्रतिनिधियों ने सार्वजनिक स्वास्थ्य, एचआईवी/एड्स जागरूकता, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच, सामाजिक भेदभाव कम करने और स्वैच्छिक रक्तदान जैसे विषयों पर चर्चा की। उद्घाटन समारोह में शिमला सांसद सुरेश कुमार कश्यप मुख्यातिथि रहे। उन्होंने सार्वजनिक स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़ी पहलों में युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रीती सक्सेना ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का औपचारिक उद््घाटन किया। पहले दिन क्विज, भाषण एवं वक्तृत्व, लघु फिल्म निर्माण, सोशल स्टार्ट-अप पिच और नीति निर्माण प्रतियोगिताएं हुईं। इनमें एचआईवी/एड्स जागरूकता, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और सार्वजनिक स्वास्थ्य वकालत को प्रमुखता दी गई। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। दूसरे दिन ‘कोड, क्लॉज एंड क्योर’ और ‘ब्रेकिंग द साइलेंस’ विषयों पर पैनल चर्चा हुई। समापन समारोह में राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने युवाओं से जागरूक, स्वस्थ और संवेदनशील समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए एशियन लॉ कालेज को ‘बेस्ट कॉन्टिंजेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में यूथ रेड क्रॉस के फैकल्टी कोऑर्डिनेटर डॉ. रोहित शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।