क्यारदा में वाहन को बैक करती बार हादसा, गुस्साए लोगों ने एनएच पर किया हंगामा, ड्राइवर फरार
टीम- नाहन, पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाई-वे-07 पर क्यारदा में बैक हो रही जेसीबी मशीन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने एनएच पर हंगामा किया और जाम लगा दिया। मृतक की पहचान सौरभ (26) वर्ष पुत्र जगदीश निवासी पांवटा साहिब के रूप में हुई है। क्यारदा में ख्वाजा शोरूम के सामने हुए सडक़ हादसे में युवक की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने सडक़ पर जाम लगा दिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना रोष जताया। जानकारी के अनुसार युवक बाइक पर जा रहा था। तभी तेज रफ्तार बैक हो रहे लोडर ने उसको टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया। जहां से उसे हायर सेंटर रैफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही युवक की मौत हो गई।
वहीं चालक मशीन छोडक़र मौके से फरार हो गया था। इसके बाद लोगों का गुस्सा बढ़ गया। जाम की सूचना मिलते ही माजरा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस की ओर से उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोला। हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। पुलिस ने बेहड़ेवाला निवासी नरेश चौधरी की मशीन को कब्जे में ले लिया है। पुलिस में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं युवक की मौत से इलाके में शोक की लहर है। उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे में युवक की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।