गेवटा गांव के लिए संपर्क मार्ग का किया लोकार्पण

स्टाफ रिपोर्टर-रोहड़ू
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रोहड़ू उपमंडल की ग्राम पंचायत धराड़ा के अंतर्गत गेवटा गांव के लिए निर्मित संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया। करीब 90 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस सडक़ की लंबाई लगभग दो किलोमीटर है। संपर्क मार्ग के निर्माण से स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा कृषि एवं बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान उन्होंने सडक़ का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा भी लिया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सडक़ें विकास की जीवनरेखाएं हैं, जो गांवों को मुख्य मार्गों से जोडऩे के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल के दौरान 203 सडक़ों को स्वीकृति प्रदान की गई है। सडक़ घनत्व की दृष्टि से यह क्षेत्र प्रदेश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल है। सडक़ नेटवर्क के विस्तार से लोगों की आवाजाही सुगम होगी तथा बागवानी सहित अन्य आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत 29 सडक़ों तथा अन्य योजनाओं के तहत 17 सडक़ों को स्वीकृति मिली है। इस प्रकार कुल 46 सडक़ों को मंजूरी प्रदान की गई है, जिससे क्षेत्र की सडक़ संपर्क व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। उ र उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (एनएएस) में हिमाचल प्रदेश ने 21वें स्थान से तीसरा स्थान हासिल किया है, जबकि परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में प्रदेश 18वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचा है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शरौंथा में निर्माणाधीन स्कूल भवन का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा भवन का निर्माण अप्रैल 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री ने विधायक की प्राथमिकता के अंतर्गत निर्माणाधीन शरौंथा-कराली-कांगड़-कलगांवटीर संपर्क सडक़ का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह मेहता, बीडीसी अध्यक्ष रोहड़ू ज्ञानपति, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा, स्थानीय पंचायत प्रधान दिलीप मुखिया सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, अन्य व्यक्ति तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।