रानी झांसी पार्क और आजीविका भवन में खुलेगा स्वास्थ्य सुरक्षा विभाग का कार्यालय

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग का कार्यालय अब रानी झांसी पार्क और आजीविका भवन में खुलेगा। नगर निगम शिमला की वित्त संविदा समिति ने बुधवार को दोनों परिसरों में जगह आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। बैठक की अध्यक्षता मेयर सुरेंद्र चौहान ने की। प्रस्ताव के तहत विभाग को दोनों स्थानों पर कुल करीब 700 वर्ग फीट जगह उपलब्ध करवाई जाएगी। परिसर के इस्तेमाल के लिए किराया, रखरखाव और अन्य शर्तें नगर निगम के नियमों के अनुसार तय की जाएंगी।

स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग ने कार्यालय संचालन के लिए नगर निगम से उपयुक्त जगह उपलब्ध करवाने का आग्रह किया था। विभाग का पहले का कार्यालय शिमला की सूजी लाइन में स्थित था। वहां से कार्यालय खाली करने के बाद विभाग को नए परिसर की जरूरत थी। इसके बाद नगर निगम ने रानी झांसी पार्क और आजीविका भवन में उपलब्ध जगह को आवंटन के लिए प्रस्तावित किया। प्रस्ताव के अनुसार, रानी झांसी पार्क में करीब 300 वर्ग फीट जगह और आजीविका भवन में करीब 400 वर्ग फीट का हॉल विभाग को दिया जाएगा। दोनों परिसरों का कुल क्षेत्रफल लगभग 700 वर्ग फीट होगा। वित्त संविदा समिति की मंजूरी के बाद अब आवंटन से जुड़ी शर्तें और शुल्क निर्धारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।