लाइसेंस मिलते ही शुरू होगी नालागढ़ अस्पताल की ब्लड सेपरेशन यूनिट

सीएमओ ने अस्पतालों का निरीक्षण कर दी जानकारी

दिव्य हिमाचज ब्यूरो-नालागढ़
नालागढ़ अस्पताल की ब्लड सेपरेशन यूनिट को लाइसेंस मिलने के बाद शुरू कर दिया जाएगा। ड्रग विभाग के निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर कर दोबारा विभाग को लिखा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर अजय पाठक ने नालागढ़ क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों के औचक निरीक्षण के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुरुआत में यूनिट का संचालन केवल दिन के समय किया जाएगा। सीएमओ ने रेडूए कश्मीरपुर और करसोली स्थित तीन उप स्वास्थ्य केंद्रों तथा बरुणा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इन चारों संस्थानों में कामकाज सुचारू पाया गया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और देखभाल की व्यवस्था का जायजा लिया। संस्थानों में तैनात स्टाफ को उपचार के लिए आने वाले मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करने और उनकी देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने एक निजी अस्पताल का भी निरीक्षण किया। डाक्टर पाठक ने उच्च रक्तचाप और मधुमेह के मरीजों की प्राथमिकता के आधार पर जांच करने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएमओ ने नालागढ़ अस्पताल के डायलिसिस सेंटर और ब्लड बैंक का मुआयना किया। उन्होंने डायलिसिस करवाने वाले मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं और देखभाल की व्यवस्था की जानकारी ली। ब्लड बैंक के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लड सेपरेशन यूनिट शुरू करने की प्रक्रिया की स्थिति भी स्पष्ट की। डाक्टर पाठक ने बताया कि ब्लड सेपरेशन यूनिट का ड्रग विभाग की ओर से निरीक्षण किया जा चुका है। विभाग ने कुछ कमियां बताई थींए जिन्हें दूर करने के बाद दोबारा विभाग को लिखा गया है। आगामी निरीक्षण के बाद लाइसेंस मिलते ही यूनिट शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल यह सुविधा दिन के समय ही उपलब्ध होगी और रात को यूनिट बंद रहेगी। सीएमओ ने दो अल्ट्रासाउंड केंद्रों का भी निरीक्षण कर उपलब्ध जांच सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मचारियों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अस्पताल का स्टाफ भी मौजूद रहा।