बिलासपुर में ‘दिव्य हिमाचल’ के मंच पर सुरों का संग्राम

‘हिमाचल की आवाज-2026’ के पहले सेमीफाइनल में शिमला; सोलन, पालमपुर और बिलासपुर के प्रतिभागियों ने फिनाले के लिए ठोंकी ताल

कार्यालय संवाददाता — बिलासपुर

‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ के लोकप्रिय इवेंट ‘हिमाचल की आवाज—2026’ पावर्ड बाय अरनी यूनिवर्सिटी का पहला सेमीफाइनल शुक्रवार को बिलासपुर जिला में हुआ। गुरुकुल भारती बीएड एवं नर्सिंग कालेज चांदपुर (चकली) के सभागार में पहले सेमीफाइनल में सजी सुरों की इस महफिल में जूनियर और सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी मधुर आवाज, शानदार गायकी और बेमिसाल संगीत प्रतिभा से समां बांधा। पहले सेमीफाइनल में शिमला, सोलन, पालमपुर, बिलासपुर व ऑनलाइन इवेंट से जुड़े जूनियर प्रतिभागियों ने एक से बढक़र एक संगीतमय प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। एजुकेशन पार्टनर सुभर्ति विश्वविद्यालय, हैल्थ पार्टनर हमदर्द हनी व इवेंट पार्टनर अनमोल के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।


वहीं, गुरुकुल भारती बीएड एवं नर्सिंग कालेज के एमडी पंकज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, संगीत के प्रति समर्पण और सुरों पर उनकी मजबूत पकड़ ने निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया। इस संगीतमय मुकाबले में प्रसिद्ध संगीतज्ञ अनूप शर्मा, डा. जयराम शर्मा एवं लोक गायक सुरेश वर्मा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों की गायकी, सुर, ताल, लय और संगीत की बारीकियों को परखते हुए उनका मूल्यांकन किया। साथ ही, निर्णायकों ने उभरते हुए गायकों को गायन विधा से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स देकर उनकी प्रतिभा को और निखारने के लिए प्रेरित किया। मुख्यातिथि उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि संगीत एक सागर है, जिसमें जितना ज्यादा डूबेंगे, उतना ही आनंद पाएंगे। संगीत में कोई बैरियर नहीं होता और न ही इसकी कोई भाषा होती है। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुति को लेकर खूब तारीफ करते हुए उनके अभिभावकों के सहयोग को लेकर भी सराहना की। इसके अलावा उन्होंने ‘दिव्य हिमाचल’ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ‘हिमाचल की आवाज’ का मंच प्रदेश की छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर, उन्हें उचित मंच प्रदान करने का बेहतरीन कार्य कर रहा है।

इनकी प्रतिभा बेमिसाल

‘हिमाचल की आवाज-2026’ के पहले सेमीफाइनल में जूनियर एवं सीनियर वर्ग में सूर्यांश, वैभव, रूद्रा शर्मा, श्रेया, हर्षिता, आर्विक, शर्मिला कुमारी, गार्गी, मृदुल शर्मा, भाविक वर्मा, गतिक, सोनल, वरदान, ओजस्विता, तमन्ना, समर, दैविक, जतिन कुमार, अक्षिता ठाकुर, आश्वी, निधि शर्मा, गौरव ठाकुर, अरयांश मेहरा, अनिश भारद्वाज, अरमान, रूद्रांश, अपूर्वा ठाकुर, मोक्षिता, दिव्याना, खुशी, शौर्य, युवराज, चाहत, खुशहाल, दिनेश, प्रमोद, भावना, विकास, प्रिक्षत, कल्पना, रिशु पाल, शिविका, वैभव राणा, श्रेया, रिधिमा, एकांश, अजय, रजनीश, हिमांशी, विरेन ने अपनी प्रतिभा दिखाई।