संतोषगढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, उत्तर प्रदेश के अहमदगढ़ से खींच लाई जांबाज टीम
स्टाफ रिपोर्टर,संतोषगढ़
संतोषगढ़ क्षेत्र में एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार होने के मामले में संतोषगढ पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के शामली जिले के रहने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार उर्फ बबलू पुत्र ओम प्रकाश, निवासी गांव अहमदगढ़, डाकघर घिंगहाना, तहसील केहराना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 10 अक्तूबर 2026 को उसके गांव यूपी अहमदगढ़ से गिरफ्तार किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 5 अक्टूबर 2026 की शाम संतोषगढ़-मैहतपुर वाया छतरपुर टांडा रोड पर हुई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शाम के समय दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार उसकी माता जी के गले से सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गए।
अचानक हुई इस वारदात के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद संतोषगढ़ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए संतोषगढ़ पुलिस ने आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की। संतोषगढ़ पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों की सहायता से लगातार प्रयास किए, जिसके बाद एक आरोपी की पहचान करने में सफलता मिली। इसके बाद पुलिस चौकी संतोषगढ़ के प्रभारी एसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय कुमार उर्फ बबलू को उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव अहमदगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल दूसरे मोटरसाइकिल सवार की भूमिका तथा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।