नौहराधार की अदिति ने जीता गोल्ड

कुश्ती में छाई सिरमौर की बेटी, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन, स्कूल पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत
निजी संवादाता- नौहराधार
पीएम श्री एवं सीबीएससी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौहराधार की दसवीं कक्षा की छात्रा अदिति ने हमीरपुर में आयोजित 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया है। अदिति की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे नौहराधार क्षेत्र में खुशी की लहर है।विद्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।इस अवसर पर अदिति के पिता संदीप ठाकुरए माता नीरज ठाकुरए ताई एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की पूर्व अध्यक्ष पूनम ठाकुर तथा उनकी कोच व शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता मधु पुंडीर मौजूद रहीं। विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य सुरेंद्र पुंडीर ने अदिति और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता मधु पुंडीर और शारीरिक शिक्षक शशिपाल चौहान के प्रयासों की भी सराहना की।कार्यकारी प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने इस वर्ष खंड से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है।

19 वर्ष से कम आयु वर्ग के छात्रों ने खंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल और योग में विजेता तथा बैडमिंटन में उपविजेता बनकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय ने विभिन्न स्पर्धाओं में ट्रॉफियां जीतने के साथ सर्वश्रेष्ठ विद्यालय का खिताब भी हासिल किया। वहीं छात्राओं ने खंड स्तर पर योग तथा जिला स्तर पर कुश्ती और जूडो में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल आठ पदक अपने नाम किए। जूडो प्रतियोगिता में छात्राओं ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त 14 वर्ष से कम आयु वर्ग में नौहराधार क्लस्टर ने छात्र एवं छात्राओं की खंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में पांच ट्रॉफियां जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।वर्तमान में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी क्लस्टर के खिलाड़ी उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। ऐसी प्रोत्साहन योजनाएं अदिति जैसी प्रतिभाशाली बेटियों और उनके अभिभावकों को खेलों में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करती हैं।इससे खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंचों पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है।