आशा वर्कर्स नहीं करेंगी आभा-आधार लिंकिंग का काम

बीएमओ के साथ आशा कार्यकर्ता संघ की बैठक में बनी सहमति; वैक्सीन ढोने से भी राहत, जल्द मिलेगा लंबित मानदेय
निजी संवाददाता-झंडूता
आशा कार्यकर्ता संघ संबद्ध भारतीय मजदूर संघ झंडूता की विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को खंड चिकित्सा अधिकारी के साथ बैठक हुई। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अतुल भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई बैठक में आशा कार्यकर्ताओं की समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और कई मांगों पर सहमति बनी। बैठक में सबसे अहम निर्णय आभा को आधार से लिंक करने के कार्य को लेकर हुआ। बीएमओ डॉ. अतुल भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि यह काम आशा कार्यकर्ताओं से नहीं लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आभा-आधार लिंकिंग का कार्य सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी का है। हालांकि, इस कार्य में आशा कार्यकर्ता आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाएंगी। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी आशाओं को सप्ताह में एक-दो घंटे स्वास्थ्य केंद्र में बुलाएंगी। बैठक में यह भी तय हुआ कि कोल्ड चेन प्वाइंट से टीकाकरण स्थल तक वैक्सीन ले जाने और वापस लाने की जिम्मेदारी आशा कार्यकर्ताओं की नहीं होगी। तपेदिक उन्मूलन कार्यक्रम के तहत आशाओं को ग्लव्स, मास्क, स्प्यूटम कप, फाल्कन ट्यूब, जिपर बैग और मार्कर सहित आवश्यक सुरक्षा सामग्री पर्याप्त मात्रा में नियमित रूप से उपलब्ध करवाई जाएगी।

इसके अलावा टीवी कार्यक्रम से संबंधित लंबित मानदेय और भत्ते जल्द जारी करने पर भी सहमति बनी। ग्रामीण स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस तथा ग्रामीण स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की बैठकों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को आशा कार्यकर्ताओं के साथ सभ्य एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने और सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने के निर्देश देने पर भी सहमति बनी। आशा कार्यकर्ताओं को बेसिक मेडिसिन किट उपलब्ध करवाने तथा मासिक मोबाइल भत्ते को 200 रुपये से बढ़ाकर कम से कम 400 रुपये करने की अनुशंसा सरकार को भेजने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में आशा कार्यकर्ता संघ की प्रदेश सह प्रभारी देशराज, कार्यकारिणी सदस्य रमेश चंदेल, अध्यक्ष निशा शर्मा, महासचिव रेखा ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रीता धीमान, कोषाध्यक्ष प्रमिला देवी सहित संघ की पूरी कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे। संघ की अध्यक्ष निशा शर्मा ने आशा कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सकारात्मक रूप से सुनने और उनके समाधान के लिए पहल करने पर बीएमओ डॉ. अतुल भारद्वाज का आभार जताया।