स्पीति में किसान मेले में 400 किसानों ने लिया हिस्सा, दी जरूरी जानकारी
निजी संवाददाता-सोलन
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), ताबो की ओर से स्पीति घाटी में किसान मेले का आयोजन किया गया। इसमें करीब 400 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम आईसीएआर की जनजातीय उपयोजना के तहत आयोजित किया गया। मेले में प्राकृतिक खेती, सेब उत्पादन, फसल विविधीकरण और उन्नत कृषि तकनीकों पर जानकारी साझा की गई। विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. डीपी शर्मा मुख्य अतिथि रहे। केवीके ताबो के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आरएस स्पेहिया और बीडीसी अध्यक्ष छेरिंग डोलमा ने भी किसानों को संबोधित किया। डॉ. डीपी शर्मा ने स्पीति में सेब की खेती के विकास से जुड़े अनुभव साझा किए और स्थानीय जलवायु के अनुकूल फसलों को अपनाने पर जोर दिया। वहीं, छेरिंग डोलमा ने बागवानी के विस्तार को किसानों की आजीविका और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। मेले में केवीके, किसानों और स्वयं सहायता समूहों के स्थानीय उत्पादों तथा सी-बकथॉर्न से तैयार वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई।