पांवटा साहिब में प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रणाली की निष्पक्षता पर उठाए सवाल, केंद्र सरकार के खिलाफ जताया रोष
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में शनिवार को किसान और मजदूर संगठनों ने संयुक्त रूप से चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर केंद्र सरकार और चुनाव प्रणाली के खिलाफ रोष जताया। देशव्यापी आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में हिमाचल किसान सभा, भारतीय किसान यूनियन और सीटू के पदाधिकारी शामिल हुए। नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वोट चोरी की घटनाएं लोकतंत्र को कमजोर कर रही हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है।
प्रदर्शन का नेतृत्व हिमाचल किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह गोपी, भारतीय किसान यूनियन के तरसेम सिंह सगी और सीटू महासचिव आशीष पंवार ने किया। नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई निष्पक्ष चुनाव में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक की है। उन्होंने मीडिया से आंदोलन की आवाज जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। गुरविंदर सिंह गोपी ने आरोप लगाया कि देश में पूंजीपतियों की संपत्ति बढ़ रही है, जबकि आम आदमी आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से श्रमिकों के संघर्षों से हासिल अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और अन्य लोग शामिल हुए।