कालाअंब-त्रिलोकपुर मार्ग पर पुलिस ने गुप्त सूचना पर की कार्रवाई, तस्कारों में एक महिला भी शामिल
कार्यालय संवाददाता-नाहन
पुलिस थाना कालाअंब के तहत डिटेक्शन सेल की टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 30.40 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 47,800 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, कालाअंब-त्रिलोकपुर मार्ग पर गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में सवार कुछ व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने वाहन की तलाशी ली। इसमें फतेहाबाद, हरियाणा निवासी विकास कुमार उर्फ विक्की, कालाअंब निवासी राकेश मिश्रा और विक्की सैनी, नाहन की वाल्मीकि बस्ती निवासी निखिल और शिवम पत्नी वासु कुमार सवार थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चिट्टा और नकदी बरामद हुई। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ कालाअंब थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
पीपलीवाला चौक पर युवक से पकड़ा चिट्टा
्रपांवटा साहिब। एसआईयू नाहन की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर माजरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ (चि_ा) के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नाहन की विशेष अन्वेषण इकाई की टीम माजरा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता सूचना मिली कि एक युवक नशे की खेप के साथ पीपलीवाला चौक के पास मौजूद है। पुलिस ने बिना समय गंवाए जाल बिछाया और पीपलीवाला चौक (माजरा) के पास संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। पुलिस की टीम को तलाशी के दौरान आरोपी सौरव सैनी उर्फ निशु सैनी पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी गांव क्यारदा, डाकखाना माजरा, तहसील पांवटा साहिब के कब्जे से 6.35 ग्राम चि_ा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी सौरव सैनी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।