प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध करवाने के लिए एचपीसीए वचनबद्ध

कहा, विश्व क्रिकेट मंच पर हिमाचल को नई पहचान दिलाई एचपीसीए ने

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष एवं एचपीसीए सदस्य, नरेंद्र अत्री ने एसोसिएशन के स्थापना दिवस पर सब सेंटर, हमीरपुर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यरतिथि भाग लिया। उन्होंने एचपीसीए के सफर की अब तक की चुनौतियों एवं उपलब्धियों पर विषय रखा, युवा खिलाडिय़ों से चर्चा की। नरेंद्र अत्री ने बताया की किस तरह वर्ष 2000 में अनुराग ठाकुर ने बतौर एचपीसीए अध्यक्ष कमान के बाद, 20 लाख वार्षिक बजट वाली एचपीसीए ने नहीं ऊंचाइयों को प्राप्त करने की रफ्तार पकड़ी।

आज एचपीसीए के पास विश्व का सबसे सुंदर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम है। कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल रहे हैं। प्रदेश में अमतर, हमीरपुर, लहूणु बिलासपुर, सहित अन्य स्थानों पर राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैदान है। प्रदेश की नन्ही प्रतिभाओं को मंच, अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिभा को निखारने के लिए 12 जिलों में 56 सब सेंटर में 1652 पंजीकृत खिलाडिय़ों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करने की व्यवस्था एचपीसीए ने की है।

नई पहचान मिली

एचपीसीए के सदस्य, पदाधिकारी से बीसीसीआई कोषाध्यक्ष और अब आईपीएल के चैयरमैन पद का दायित्व निर्वहन कर रहे अरुण धूमल की अद्भुत नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन निपुणता के कारण आज एचपीसीए अपने धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सफलता पूर्वक विश्व कप जैसे महत्त्वपूर्ण मैच के साथ एक ही सत्र में चार चार आईपीएल मैच आयोजित करने में सफल रहा है, जिससे प्रदेश में क्रिकेट को व प्रदेश के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक नई पहचान मिली है।