JIO ने एयरटेल से 10 गुना ज्यादा कोर मोबाइल ग्राहक जोड़े

 सितंबर में जियो के 19 लाख और एयरटेल के 2 लाख कोर मोबाइल ग्राहक बढ़े*
 देश में कोर मोबाइल ग्राहकों की कुल बढ़ोतरी में जियो की हिस्सेदारी करीब 86 फीसदी, एक्टिव यूजर्स में भी बढ़त
 कोर मोबाइल ग्राहक यानी मशीनों और उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले मशीन-टू-मशीन कनेक्शन हटाकर गिने गए ग्राहक

नई दिल्ली। शेयर बाजार में दमदार लिस्टिंग के बाद रिलायंस जियो के लिए मोबाइल ग्राहकों के मोर्चे पर भी अच्छी खबर है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) की सितंबर की रिपोर्ट पर आधारित DAM Capital और IIFL Capital के विश्लेषण के मुताबिक, मशीन-टू-मशीन (M2M) कनेक्शन हटाने पर जियो के मोबाइल ग्राहकों की संख्या 19 लाख बढ़ी, जबकि एयरटेल के ग्राहकों में 2 लाख की बढ़ोतरी हुई। यानी जियो ने एयरटेल के मुकाबले करीब 10 गुना ज्यादा कोर मोबाइल ग्राहक जोड़े। देश में इस श्रेणी के मोबाइल ग्राहकों की कुल संख्या 22 लाख बढ़ी, जिसमें अकेले जियो की हिस्सेदारी करीब 86 फीसदी रही।

एक्टिव मोबाइल यूजर्स के मामले में भी जियो ने मजबूत प्रदर्शन किया। DAM Capital की रिपोर्ट के मुताबिक, M2M कनेक्शन हटाकर की गई गणना में सितंबर के दौरान जियो के एक्टिव यूजर्स की संख्या 13 लाख बढ़ी, जबकि एयरटेल व वोडाफोन आइडिया के एक्टिव यूजर्स घटे। एयरटेल के 2 लाख और वोडाफोन आइडिया के 3 लाख एक्टिव यूजर्स कम हुए। इस आधार पर देशभर में एक्टिव मोबाइल यूजर्स की कुल संख्या में 6 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई।


कुल मोबाइल ग्राहक संख्या के मामले में भी जियो ने अपनी बढ़त बरकरार रखी। TRAI के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर के अंत में जियो के पास 51.11 करोड़ मोबाइल ग्राहक थे, जबकि एयरटेल का ग्राहक आधार 49.43 करोड़ रहा। वहीं, वोडाफोन आइडिया के 20.01 करोड़ और सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL के 9.43 करोड़ मोबाइल ग्राहक थे। इन कुल आंकड़ों में M2M कनेक्शन भी शामिल हैं।