वोट चोरी के खिलाफ महिला कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

चरखा चलाकर महात्मा गांधी के रास्ते पर चलने का लिया संकल्प, केंद्र सरकार को कोसा
निजी संवाददाता-घुमारवीं
वोट चोरी के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर घुमारवीं में महिला कांग्रेस ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह आंदोलन किया। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चरखा चलाकर महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए आंदोलन को निर्णायक मोड़ तक ले जाने का संकल्प लिया। सत्याग्रह में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई।

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का वोट सबसे महत्वपूर्ण है और उसकी पारदर्शिता व सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। धरने का नेतृत्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरला चौहान ने किया। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि वे इस आंदोलन में राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़े हैं और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। आंदोलन के दौरान चरखे के माध्यम से गांधी के विचारों और अहिंसक संघर्ष का संदेश भी दिया गया।