करवाचौथ के लिए सजा बाजार, सामान 50 रुपए से शुरू

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
करवाचौथ का त्योहार नजदीक आते ही राजधानी शिमला के लोअर बाजार में रौनक बढऩे लगी है। बाजार में पूजा सामग्री और शृंगार के सामान की दुकानों पर महिलाएं खरीददारी करती नजर आ रही हैं। दुकानदारों ने भी त्योहार को देखते हुए विभिन्न प्रकार के सामान सजाए हैं। वहीं, शृंगार की दुकानों पर बिंदी, चूडिय़ां, लिपस्टिक, सिंदूर, मेहंदी और अन्य सौंदर्य प्रसाधनों की भी अच्छी विविधता देखने को मिल रही है। करवाचौथ पर महिलाएं व्रत और पूजा की तैयारियों के साथ-साथ पारंपरिक शृंगार के लिए भी खरीदारी करती हैं। ऐसे में लोअर बाजार की दुकानों पर सुबह से ही चहल-पहल देखने को मिल रही है। महिलाएं अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार पूजा सामग्री व शृंगार का सामान खरीद रही हैं। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की सुविधा के लिए अलग-अलग कीमतों में सामान उपलब्ध करवाया है।

नारियल 50 से 60 रुपए तक, डिजाइनर पूजा थालियां 100 से 400 रुपए में उपलब्ध

बाजार में करवाचौथ की खरीददारी के लिए अलग-अलग बजट के विकल्प मौजूद हैं। नारियल 50 से 60 रुपये तक बिक रहा है। चूडिय़ों की कीमत 50 रुपये से शुरू होकर 400 रुपए तक है। वहीं, करवे के साथ इस्तेमाल होने वाले कड़े के सेट भी 50 रुपये में उपलब्ध हैं। डिजाइनर पूजा की थालियां 100 से 400 रुपये तक में मिल रही हैं। इनमें करवा, मिट्टी के दीये और छलनी सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री उपलब्ध है।