सडक़, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर, जयसिंहपुर के विकास को मंत्री ने गिनाईं प्राथमिकताएं
निजी संवाददाता- लंबागांव
आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र का विकास क्षेत्र की तमाम पंचायतों के जन प्रतिनिधियों का विश्वास जीतकर उनके सहयोग से सुनिश्चित किया जाएगा। पंचायतों में विकास कार्यों को सिरे चढ़ाने के लिए उन्होंने कभी द्वेष की भावना से कार्य नहीं किया, बल्कि क्षेत्र की जरूरतों और जन भावना के अनुरूप ही कार्य किया है। आगामी समय में भी इसी भावना से विभिन्न विकास कार्यों को अंजाम दिया जाएगा। हाल ही में चुने गए जन प्रतिनिधियों को उन्होंने विश्वास दिलाया कि सामुदायिक कार्यों को प्राथमिकता के तौर पर अमलीजामा पहनाने के लिए वह सदैव तत्पर रहे हैं। इसके लिए उनकी सोच हमेशा दलगत राजनीति से उपर रही है। मंत्री ने गुरुवार को लंबागांव विकास खंड के बंदाहु में पंचायत के नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि भवन को करीब 45 लाख की लागत से तैयार किया गया है। करीब एक साल पहले उन्होंने इस भवन की आधारशीला रखी थी। पंचायत के पास उचित भवन न होने के कारण इसका निर्माण प्राथमिकाता से किया गया।
इस भवन में सामुदायिक हाल और आवास का अतिरिक्त निर्माण कार्य किया जाना है, जिस पर अतिरिक्त करीब 75 लाख व्यय किए जाने हैं। कुल मिलाकर 1.14 करोड़ रुपए से भवन बनकर पूरी तरह बनकर तैयार होगा। मंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान शिवनगर से परागे दा गलू सडक़ को विधायक प्राथमिकता में शामिल किया गया है। इसकी डीपीआर नाबार्ड को भेजी गई है और जल्द ही सडक़ की हालात में सुधार होगा। शिवनगर कॉलेज के निर्माण कार्य के लिए 1.50 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। मंत्री ने स्थानीय पंचायत में जिम खोलने के लिए पांच लाख रुपए देने की घोषणा भी की और इसके लिए कागजात तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्थानीय सडक़ों और पुलों के सुधार का भी आश्वासन दिया। इस मौके मंत्री के साथ खंड विकास अधिकारी सिकंदर कुमार, बीडीसी उपाध्यक्ष हेमराज शर्मा, पंचायत प्रधान सुरेश धीमान, आलमपुर के नायब तहसीलदार राजीव शर्माए अधिशाषी अभियंता बिजली बोर्ड कुलदीप कुमार, अधिशाषी अभियंता ग्रामीण विकास एनसी नेगी, विभिन्न पंचायतों के प्रधान व पंचायत जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।