विधायक विवेक शर्मा ने बाबा बाल जी महाराज से लिया आशीर्वाद

परिवार सहित राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के आश्रम पहुंचकर नवाया शीश, करवाचौथ त्योहार की दी शुभकामनाएं
कार्यालय संवाददाता-बंगाणा
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता एवं कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा करवाचौथ के पावन अवसर पर परिवार सहित कोटला कलां स्थित राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के आश्रम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया और विधिवत पूजा-अर्चना कर कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने करवाचौथ व्रत के पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में धार्मिक पर्वों और संत-महात्माओं के आशीर्वाद का विशेष महत्व है। ऐसे अवसर समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, पारिवारिक एकता और सकारात्मकता का संदेश देते हैं।

विधायक विवेक शर्मा ने परिवार सहित आश्रम में माथा टेका और पूजा-अर्चना में भाग लिया। उन्होंने बाबा बाल जी महाराज से आशीर्वाद लेकर कुटलैहड़ क्षेत्र की जनता के सुखद भविष्य, बेहतर स्वास्थ्य, खुशहाली और क्षेत्र में निरंतर विकास की कामना की। आश्रम में पहुंचकर उन्होंने आध्यात्मिक वातावरण में कुछ समय बिताया और धार्मिक आस्था के साथ इस पावन पर्व को मनाया। उन्होंने कहा कि त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं। ये पर्व लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ-साथ समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। करवाचौथ का पर्व विशेष रूप से पारिवारिक विश्वास, समर्पण और प्रेम का प्रतीक है, जिसे महिलाएं श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाती हैं। विवेक शर्मा ने क्षेत्रवासियों को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं।