कार्यालय संवाददाता-नाहन
नाहन शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए नौणी का बाग में प्रस्तावित डॉग स्टरलाइजेशन केंद्र का विरोध शुरू हो गया है। वार्ड नंबर-12 के स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य शुरू होने से पहले जिला प्रशासन को दर्जनों हस्ताक्षरों वाला पत्र सौंपकर अपनी आपत्ति जताई है। स्थानीय निवासियों उषा देवी, मिथलेश सैनी, रमेश सैनी, प्रीतम सैनी और रामशरण सहित अन्य लोगों ने कहा कि नौणी का बाग में करीब 200 से 250 लोग रहते हैं। केंद्र बनने से उन्हें परेशानी होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सार्वजनिक पार्क की सुविधा नहीं है, इसलिए यहां पार्क विकसित किया जाए।
उनका सुझाव है कि डॉग स्टरलाइजेशन केंद्र गौसदन के साथ लगती खाली जमीन पर बनाया जाए। वहीं, नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान ने कहा कि शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या लोगों के लिए परेशानी बन रही है। समस्या के समाधान के लिए संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण कर जगह चिन्हित की है। उन्होंने बताया कि करीब साढ़े पांच लाख रुपए की लागत से केंद्र में ऑपरेशन थिएटर, स्वच्छता स्थल, पानी और बिजली जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। शनिवार को निर्माण सामग्री पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध जताया।