नाहन के वार्ड नंबर चार में सीढिय़ों को समतल करने से लोगों की समस्या का समाधान
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – नाहन
नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर-4 में स्थानीय निवासियों की समस्या को ध्यान में रखते हुए पार्षद पूजा तोमर ने गुरुवार को एक महत्त्वपूर्ण कार्य करवाया। संबंधित स्थान पर पहले सीढिय़ां बनी हुई थी, जिन्हें बाद में हटाकर समतल ढलान (उतराई) में बदल दिया गया था। इसके कारण आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ढलान के रास्ते बारिश का पानी बहकर आसपास के घरों में घुस जाता था, जिससे स्थानीय निवासियों को हर बरसात में दिक्कत होती थी। लोगों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पार्षद पूजा तोमर ने गुरुवार को उक्त स्थान पर दोबारा सीढिय़ों का निर्माण करवाया, ताकि बरसाती पानी के घरों में प्रवेश करने की समस्या से राहत मिल सके।
इस कार्य के पूरा होने पर आसपास रहने वाले लोगों ने खुशी जाहिर की और उनकी समस्या को समझकर समाधान करवाने के लिए पार्षद पूजा तोमर का आभार व्यक्त किया। पार्षद पूजा तोमर ने कहा कि वार्ड के लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। जनता को रोजमर्रा की जिंदगी में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड का विकास केवल बड़े कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान करना भी उतना ही महत्त्वपूर्ण है।